हरिद्वार

“गंगनहर में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ व एनडीआरएफ ने ढूंढ निकाला, प्रेमनगर पुल से एक और युवक डूबा..

मंगेतर के सामने गंग नहर में डूब गया था युवक, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मंगेतर के साथ हरिद्वार घूमने आया पौड़ी गढ़वाल के धुमाकोट निवासी युवक का शव आखिरकार एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने गंगनहर से बरामद कर लिया। युवक शनिवार देर शाम ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल घाट पर नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया था। हादसे के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी बीच प्रेमनगर आश्रम घाट पर एक और युवक के गंगा में डूबने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया।एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम आज डूबे युवक की तलाश में जुट गई है।पुलिस के मुताबिक विजेंद्र पोखरियाल निवासी धुमाकोट, पौड़ी गढ़वाल अपनी मंगेतर के साथ हरिद्वार आया था। शनिवार शाम दोनों ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल गंगनहर घाट पर घूमने पहुंचे थे। इस दौरान विजेंद्र नहाने के लिए गंगनहर में उतर गया, जबकि उसकी मंगेतर घाट पर बैठी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तैरते-तैरते कुछ दूर आगे निकल गया और अचानक तेज बहाव में फंसकर डूब गया। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। मंगेतर के शोर मचाने पर स्थानीय युवकों ने तलाश की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।सूचना मिलने पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जल पुलिस के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। रात में अंधेरा होने के कारण अभियान में दिक्कतें आईं। मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।सर्च ऑपरेशन में एनडीआरएफ इंस्पेक्टर तिरेपन सिंह रावत, एसडीआरएफ टीम कमांडर उप निरीक्षक आशीष त्यागी, एएसआई पर्वेंद्र धस्माना, कांस्टेबल प्रकाश मेहता, सागर, गुड्डू कुमार, अमित कुमार, टेक्नीशियन अंकित पाल एवं अनुज कुमार शामिल रहे।वहीं, डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक अपने चार-पांच साथियों के साथ प्रेमनगर आश्रम घाट पर नहाते समय रविवार सुबह करीब 11:30 बजे गंगा में डूब गया। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने युवक की पहचान शान मलिक पुत्र मेहबूब निवासी जियापोता थाना कनखल, उम्र 19 वर्ष के रूप में कराई। बताया गया कि शान मलिक मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता था। युवक के गंगा में डूबने के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम जल पुलिस के साथ संयुक्त रूप से उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि गंगनहर में डूबे युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि प्रेमनगर आश्रम घाट पर डूबे युवक की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!