पंच👊नामा
हरिद्वार: रुड़की के बेलड़ा गांव निवासी एक युवक से होमगार्ड में भर्ती कराने का झांसा देकर 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपित ने खुद को एक संगठन से जुड़ा बताते हुए अधिकारियों में अच्छी पकड़ होने का दावा किया था। पीड़ित द्वारा रकम वापस मांगने पर आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव निवासी बंटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान पिछले वर्ष उसकी मुलाकात बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह निवासी एक युवक से हुई, जो मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर का रहने वाला है।
आरोप है कि युवक ने खुद को एक संगठन से जुड़ा बताते हुए अधिकारियों में गहरी पैठ होने का दावा किया और होमगार्ड में भर्ती कराने का भरोसा दिलाया। उसने भर्ती के नाम पर पहले 25 हजार रुपये और चयन के बाद बाकी रकम देने की बात कही।
पीड़ित के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को आरोपित उसके घर पहुंचा, जहां उसे 25 हजार रुपये नकद दे दिए गए। काफी समय बीतने के बाद भी भर्ती नहीं हुई तो बंटी को ठगी का एहसास हुआ। उसने कई बार अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपित लगातार बहाने बनाता रहा।
बंटी का आरोप है कि 19 मई को फोन पर रकम वापस मांगने पर आरोपित ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



