
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सप्तऋषि क्षेत्र में कमेटी के रुपये वापस नहीं मिलने से परेशान एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला ने दो दिन पहले जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले से जुड़ा एक ऑडियो और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
भारत माता पुरम, सप्तऋषि निवासी पूजा गुप्ता (34) पत्नी शरद गुप्ता ने दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया था।
हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। दो दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद शनिवार को महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
इधर, घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे महिला का अंतिम ऑडियो बताया जा रहा है। वायरल ऑडियो में महिला ने एक सैलून संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला का आरोप था कि संबंधित व्यक्ति के पास उसका सोना और करीब 25 लाख रुपये हैं, जिन्हें वापस नहीं किया जा रहा था। रुपये वापस मांगने पर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि जहर खाने से पहले महिला के साथ मारपीट भी हुई थी। मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला की मौत के मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
वायरल ऑडियो और वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



