
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के धंधेबाजों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कोतवाली नगर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स तस्कर को स्मैक के साथ दबोच लिया।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी भागने का मौका भी नहीं पा सका। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 10.32 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फीन) बरामद हुई है, जबकि सप्लाई नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस का कहना है कि जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम बीती रात हिल बाईपास रोड फ्लाईओवर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार पुत्र राजेश दास निवासी बेतिया, बिहार हाल निवासी कबाड़ी बस्ती लालजीवाला हरिद्वार बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10.32 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक खड़खड़ी सुखी नदी क्षेत्र निवासी शुभम उर्फ “जल्लाद” से बेचने के लिए लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक नवीन नेगी, कांस्टेबल संदीप रावत और कांस्टेबल पवनीश कवि शामिल रहे।



