
पंच👊नामा-ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल: रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली एक शर्मनाक घटना में नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने कलयुगी भाई को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत रिखणीखाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गत 2 जून को रिखणीखाल क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ उसके चचेरे भाई सोनू ने दुष्कर्म किया है। पीड़िता द्वारा घटना की जानकारी देने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण समेत अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। जांच में आरोपी सोनू की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक कैलाश जोशी तथा हेड कांस्टेबल रविन्दर भोज शामिल रहे।



