अपराधहरिद्वार

“दो साल से जिसकी तलाश थी, आखिर कलियर पुलिस ने ढूंढ निकाला वो ट्रैक्टर..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के ऑपरेशन प्रहार में तीन आरोपी गिरफ्तार, दो राज्यों की वारदातों का खुलासा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर: दोस्ती और ज्यादा पैसा कमाने के लालच में ट्रैक्टर चोरी की राह पर निकले तीन शातिर आखिरकार कलियर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। करीब दो साल पहले कलियर क्षेत्र से चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद होने के साथ ही उसके मालिक के चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई, जबकि पंजाब से चोरी किया गया दूसरा ट्रैक्टर भी पुलिस ने बरामद कर लिया। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली कलियर पुलिस ने पुराने वाहन चोरी के मामलों के खुलासे के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया हुआ था और लगातार सूचनाएं जुटाई जा रही थीं।कोतवाली प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दरियापुर मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तीन युवकों को दो चोरी के ट्रैक्टरों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद वाहनों में महिंद्रा 575 ट्रैक्टर शामिल है, जो वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से चोरी हुआ था। इसके अलावा एक लाल रंग का स्वराज 855 ट्रैक्टर भी बरामद किया गया, जो करीब दो माह पूर्व पंजाब के संगरूर जनपद के नारायणगढ़ क्षेत्र से चोरी किया गया था।पुलिस के अनुसार 16 मई 2024 को मुकरर्बपुर निवासी शफ्फकत पुत्र सखावत ने अपना ट्रैक्टर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने काफी प्रयास किए, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग सका था। विवेचना पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी गई थी, बावजूद इसके कलियर पुलिस चोरी हुए वाहन की तलाश में लगातार जुटी रही।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार, अभिषेक कुमार और अंकुश ने अपने चौथे साथी हैप्पी निवासी खजूरी, देवबंद के साथ मिलकर कलियर क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों ने यह भी बताया कि पंजाब से दूसरा ट्रैक्टर चोरी करने के बाद दोनों वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें देहात क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई और मजदूरी के कार्यों में इस्तेमाल किया जाता था, ताकि हाईवे पर पुलिस चेकिंग के दौरान आसानी से बचा जा सके।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लिब्बरहेड़ी निवासी 33 वर्षीय अजय कुमार पुत्र चंद्रपाल, भलसुआ गाज निवासी 21 वर्षीय अभिषेक कुमार पुत्र पुरुषोत्तम और फखरहेड़ी निवासी 20 वर्षीय अंकुश पुत्र हंसराज के रूप में की है। तीनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है, जबकि फरार आरोपी हैप्पी की गिरफ्तारी के लिए अलग टीम गठित की गई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत का महिंद्रा 575 ट्रैक्टर और लगभग ढाई लाख रुपये कीमत का स्वराज 855 ट्रैक्टर बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस पूरे अभियान का नेतृत्व प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय ने किया। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, कांस्टेबल अनंत राम, कांस्टेबल फुरकान अहमद और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!