
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: थोक केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार समिति के चुनाव के दौरान भाजपा से जुड़े दो गुटों में बवाल हो गया। मतगणना से पहले प्रदेश मीडिया सह-संयोजक विकास तिवारी पर विरोधी गुट के लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिससे चुनावी माहौल गरमा गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हरिद्वार में सोमवार को थोक केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार समिति का चुनाव चल रहा था। मतगणना शुरू होने से पहले भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विकास तिवारी पर सुनेटी भगवानपुर निवासी सुशील चौधरी, उनके भतीजे शिवम कुमार समेत करीब 15 लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
तिवारी का कहना है कि वह माया देवी मंदिर मार्ग से महिला इंटर कॉलेज की ओर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए लोगों ने उन पर हमला कर दिया। शोर-शराबा होने पर मौके पर मौजूद पीआरडी जवान और पुलिसकर्मी पहुंचे, जिसके बाद आरोपी दो वाहनों में सवार होकर फरार हो गए। तिवारी ने वाहनों के नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
राजनीतिक गलियारों में विकास तिवारी को कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का करीबी और ‘राइट हैंड’ माना जाता है, जबकि दूसरा गुट भी हरिद्वार के एक कद्दावर भाजपा नेता के समर्थन वाला बताया जा रहा है। ऐसे में यह विवाद सहकारी समिति के चुनाव से निकलकर भाजपा के भीतर गुटबाजी की चर्चा का विषय बन गया है।
तिवारी समर्थक गुट का आरोप है कि चुनाव में करारी हार से बौखलाए विरोधी पक्ष ने हमला कराया। हालांकि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



