अपराधहरिद्वार

“दलित समाज के अपमान पर कांग्रेस का फूटा गुस्सा, ‘पूर्व विधायक’ कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की तत्काल गिरफ्तारी की उठाई मांग..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर दलित समाज के एक व्यक्ति को कथित रूप से धमकाने और दलित महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर चैंपियन की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।सोमवार को अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन पुलिस अधीक्षक (क्राइम) निशा यादव को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा दलित समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने, धमकी देने व महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने जैसे गंभीर आरोप सामने आते हैं, तो पुलिस प्रशासन को बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्सर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे दलित समाज में आक्रोश व्याप्त है।ज्ञापन में कहा गया कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है और कानून की नजर में सभी बराबर हैं। ऐसे मामलों में कार्रवाई में देरी होने से कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगते हैं तथा पीड़ित पक्ष का न्याय व्यवस्था से विश्वास कमजोर होता है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य लागू धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस दलित समाज के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने वालों में मनोज जाटव, प्रियव्रत (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिनिधि), तेलूराम प्रधान, अमरदीप रोशन, महेश प्रताप राणा, अक्षय नागपाल, सुभाष कुमार, वेदपाल तेजियान, सुनील कुमार (पार्षद), राजकुमार प्रधान, सत्यपाल शास्त्री, दीवान चंद, ममता सिंह, विकास सिंह, अक्षय चौहान, सतेंद्र, अक्षय, संदीप, संतोष चंद्र, विपिन कुमार सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!