अपराधहरिद्वार

“चोरी के बाद चोर को पसंद आ गई मकान मालिक की चप्पल, अपनी छोड़ पीड़ित की पहनकर हुआ फरार..

एफआईआर में पीड़ित ने की मांग, छोड़ी हुई चप्पल से सुराग जुटाकर चोर तक पहुंचे पुलिस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कनखल के जगजीतपुर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसमें चोर सिर्फ नकदी, इन्वर्टर और बैटरी ही नहीं ले गया, बल्कि जाते-जाते मकान मालिक की चप्पल भी उसे इतनी पसंद आ गई कि अपनी पुरानी चप्पल वहीं छोड़कर उसकी चप्पल पहनकर फरार हो गया। अब पीड़ित का कहना है कि आरोपी की छोड़ी हुई चप्पल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकती है और इसकी वैज्ञानिक जांच कर चोर तक पहुंचा जा सकता है।माया विहार फेज-दो, जगजीतपुर निवासी युवराज सिंह ने कनखल थाने में तहरीर देकर बताया कि 13 जून की सुबह वह घर पर ताला लगाकर बाहर गए थे। उनके पिता भी किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। शाम को पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा खुला हुआ है। घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और दोनों दरवाजे खुले थे।घर के अंदर जांच करने पर इन्वर्टर, उसकी बैटरी और पांच हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसी दौरान घर में एक जोड़ी अजनबी चप्पल पड़ी मिली, जबकि युवराज की चप्पल गायब थी। इससे साफ हो गया कि चोरी के बाद आरोपी अपनी चप्पल छोड़कर पीड़ित की चप्पल पहनकर निकल गया। युवराज का कहना है कि जिस तरह आरोपी अपनी चप्पल मौके पर छोड़ गया, वह पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सबूत हो सकती है। जांच कराई जाए तो आरोपी तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।सूचना पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र रावत ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!