“मासूम शर्मा के कार्यक्रम के विरोध में रायपुर स्टेडियम कूच, पुलिस ने रास्ते में रोका..
सुराज सेवा दल कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की, प्रदेशाध्यक्ष रमेश जोशी बोले—देवभूमि में अशोभनीय भाषा को नहीं देंगे बढ़ावा, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; गायक मासूम शर्मा के रायपुर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को लेकर विरोध के सुर तेज हो गए। कार्यक्रम का विरोध करने के लिए सुराज सेवा दल के दर्जनों कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में रायपुर स्टेडियम की ओर कूच कर गए। हालांकि पुलिस ने रास्ते में ही कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
सुराज सेवा दल के प्रदेशाध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि इससे पहले डीएवी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से मां-बहनों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था।
इस मामले में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि उक्त मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई और जब मामला दर्ज हुआ था तो दोबारा मासूम शर्मा के कार्यक्रम को अनुमति कैसे दे दी गई।
रमेश जोशी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की अपनी संस्कृति और गरिमा है। केवल पैसे कमाने के लिए ऐसे कलाकारों को कार्यक्रमों में बुलाना उचित नहीं है, जिनकी प्रस्तुतियों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर अशोभनीय भाषा और आपत्तिजनक प्रस्तुतियों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस बार कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोक दिया, लेकिन इससे संगठन का विरोध समाप्त नहीं होगा। यदि भविष्य में मासूम शर्मा को उत्तराखंड में किसी कार्यक्रम के लिए बुलाया गया तो सुराज सेवा दल पूरी तैयारी के साथ विरोध करेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराने के साथ ही कलाकार और आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अतीश मिश्रा, नितिन कटारिया, विजेंद्र, जावेद, शिवम, कुणाल, पूजा नेगी, संगीता, गीता तोमर, सीमा राजपूत, नवीन, बुल्लू, संजय, अमित अग्रवाल, दीपक राणा, लालमणि भारद्वाज, अरविंद यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



