
पंच👊नामा
मंगलौर; बंद मकान को देखकर पहले रेकी की, फिर दूर बैठे साथियों को बुलाया और रात के अंधेरे में वेगनआर से पहुंचकर मकान की छत तोड़ दी। इसके बाद घर में दाखिल होकर सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी की इस वारदात का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 100 प्रतिशत माल और घटना में प्रयुक्त वेगनआर कार बरामद की है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना के तत्काल अनावरण के लिए मंगलौर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सुरागरसी-पतारसी के जरिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों तक पहुंचने में जुटी रही। इसी कड़ी में पुलिस मास्टरमाइंड सुधांशु तक पहुंची और पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
एसपी देहात अभय सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना में शामिल चारों आरोपियों को गाजियाबाद से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, घटना का मास्टरमाइंड सुधांशु कांवड़ मेले के दौरान अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम उदलहेड़ी आया हुआ था। इसी दौरान उसने गांव में एक ऐसे मकान को देखा, जिसमें कोई नहीं रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुधांशु ने पहले मकान की रेकी की और इसके बाद अपने साथियों को वारदात के लिए बुलाया। 06 अगस्त 2026 की रात आरोपी गाजियाबाद से वेगनआर कार लेकर उदलहेड़ी पहुंचे। इसके बाद मकान की छत तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
मामले में वादी रोहित पुत्र सतपाल, निवासी ग्राम उदलहेड़ी, कोतवाली मंगलौर ने 21 अगस्त को अपने बंद मकान से अज्ञात चोरों द्वारा सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली मंगलौर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगालते हुए पुलिस टीम धीरे-धीरे आरोपियों तक पहुंची। लगातार प्रयासों के बाद चारों आरोपियों को गाजियाबाद से पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान में पीली धातु का एक लॉकेट, पीली धातु के एक टॉप्स, पीली धातु का एक कंगन, सफेद धातु की छह पाजेब और सफेद धातु के तीन बिछवे बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल वेगनआर कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चारों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
ये चार आरोपी गिरफ्तार..
1;- सुधांशु पुत्र जसपाल निवासी ग्राम दतियाना, थाना छपार
2;- राहुल पुत्र बाले सिंह निवासी सोनिया बिहार, गाजियाबाद
3;- रोहित पुत्र विनोद कुमार निवासी बागपत
4;- नितीन कुमार पुत्र राजेश निवासी छपार, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर के नेतृत्व में की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य पुलिस संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी का माल बरामद किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक गजपाल राम, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल आबिद, कांस्टेबल रणवीर, कांस्टेबल शहजाद, हेड कांस्टेबल मनमोहन (सीआईयू रुड़की) तथा कांस्टेबल आशीष शर्मा (सीआईयू रुड़की) शामिल रहे।



