
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिले में गोकशी और अवैध पशु कटान पर अंकुश लगाने के लिए पिरान कलियर और लक्सर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की। कलियर में जहां 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस और कटान उपकरण बरामद हुए, वहीं लक्सर में गन्ने के खेत से एक जीवित गोवंश को पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस कप्तान नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को गोकशी व अवैध कटान में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए हैं। ख़ासतौर पर कलियर, मंगलौर, ज्वालापुर, एक्कड़ और लंढौरा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलियर में 230 किलो मांस बरामद….
दो अक्टूबर को गौवंश संरक्षण स्क्वाड गढ़वाल रेंज हरिद्वार और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम गश्त पर थी। इमाम साहब की दरगाह के पास एक घेर में दो व्यक्ति बिना लाइसेंस पशु कटान करते मिले। पुलिस टीम को देखकर दोनों मौके से फरार हो गए। तलाशी में करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस और उपकरण बरामद हुए। इस मामले में आजाद पुत्र शफी निवासी वार्ड नंबर एक कलियर और मोबिन पुत्र निन्ना निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
लक्सर में गन्ने के खेत से बचाया गोवंश…..
इधर, तीन अक्टूबर को लक्सर पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रणसूरा गांव के पास गन्ने के खेत में दो संदिग्ध लोग मिले। पुलिस ने मौके से साजिद पुत्र मुस्तकीम और सोहेब पुत्र मुमताज, दोनों निवासी रणसूरा, को गौकशी के उपकरणों के साथ पकड़ लिया। खेत से एक जीवित गोवंश भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों गोवंश को गौकशी के इरादे से खेत में ले गए थे। पुलिस के मुताबिक साजिद के खिलाफ पूर्व में गोवंश संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। सोहेब के खिलाफ भी गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।



