
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं एडिशनल एसपी पंकज गैरोला मंगलवार को करीब 34 वर्ष की गौरवशाली पुलिस सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। वर्ष 1990 में तत्कालीन उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर नियुक्त हुए पंकज गैरोला ने अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और ईमानदार छवि के दम पर विभाग में लगातार पदोन्नति हासिल करते हुए एडिशनल एसपी तक का सफर तय किया। उनकी विदाई के साथ पुलिस महकमे ने एक अनुभवी, शांत और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को अलविदा कहा।
सेवाकाल के शुरुआती वर्षों में पंकज गैरोला स्थानीय अधिसूचना इकाई (एलआईयू) से जुड़े रहे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद उन्होंने हरिद्वार और देहरादून में एलआईयू में अपनी कार्यशैली की अलग छाप छोड़ी। बाद में न्यायालय के आदेश के उपरांत सिविल पुलिस में शामिल होने के बाद उन्होंने हरिद्वार और देहरादून की कई महत्वपूर्ण कोतवालियों का नेतृत्व किया।
उत्कृष्ट सेवाओं के आधार पर पदोन्नत होकर पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) बने पंकज गैरोला ने नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून में प्रभावी कार्य किया। इसके बाद हरिद्वार में एडिशनल एसपी के रूप में उन्होंने एसपी यातायात एवं अपराध और एसपी सिटी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में उनका स्थानांतरण एसपी देहात, देहरादून के पद पर हुआ, जहां से उन्होंने सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
मृदुभाषी, सरल और सुलझे व्यक्तित्व के धनी पंकज गैरोला ने अपने पूरे सेवाकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों के सफल निस्तारण में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच उनकी पहचान एक कर्मठ, व्यवहारकुशल और निर्णयक्षम अधिकारी के रूप में रही। उत्तराखंड पुलिस में उनकी सेवाओं और योगदान को लंबे समय तक सम्मान के साथ याद किया जाएगा। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह व एसपी देहरादून समेत प्रदेश भर के पुलिस अधिकारियों ने शुभकामनाएं दी



