“कांवड़ मेले से पहले एक्शन मोड में पुलिस और NHAI, पूरे रूट का किया ग्राउंड निरीक्षण..
दुर्घटना संभावित स्थलों का किया निरीक्षण, कमियां जल्द दूर करने के निर्देश..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आगामी श्रावण कांवड़ मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं।
मेले के दौरान लाखों शिवभक्तों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने संयुक्त रूप से कांवड़ मेला मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा,
यातायात व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन सभी बिंदुओं पर विशेष फोकस किया गया, जहां दुर्घटनाओं या अव्यवस्था की आशंका बनी रहती है।
एसपी सिटी अभय सिंह के नेतृत्व में सीओ ट्रैफिक व NHAI अधिकारियों ने एक साथ चंडीघाट से चिड़ियापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग, नहर पटरी मार्ग तथा कांगड़ी फ्लाईओवर का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों का गहन अवलोकन किया गया और संबंधित विभाग को सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही NHAI अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुरक्षा व सुविधा संबंधी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, सड़क की स्थिति तथा अन्य आवश्यक इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस बात पर विचार-विमर्श किया
कि किन-किन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है, ताकि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले श्रावण कांवड़ मेले के दौरान यातायात सुचारु रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न बने।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक बिपेंद्र कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हितेश, प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी, थाना प्रभारी नितेश शर्मा, संदीप नेगी सहित NHAI के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने भरोसा दिलाया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करेंगे, ताकि कांवड़ मेला सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।



