
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सिडकुल स्थित सायनोकैम फार्मा कंपनी में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली सिडकुल पुलिस ने कंपनी के एमडी, प्रेसिडेंट, एचआर हेड, प्लांट हैंड और ठेकेदार समेत नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दुबौली खुर्द निवासी मनोज चौधरी ने तहरीर देकर बताया कि उनका 28 वर्षीय भाई अमित कुमार सिडकुल स्थित सायनोकैम फार्मा कंपनी में एसी डक्ट इंसुलेशन का कार्य कर रहा था। कंपनी परिसर में रिनोवेशन का काम चल रहा था, जहां बिजली की खुली तारें फैली हुई थीं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अमित कुमार ने हादसे से पहले प्लांट हैंड प्रशांत कुमार, एचआर हेड हरीश सकलानी और ठेकेदार जगजीत सिंह को खुली बिजली की तारों से होने वाले खतरे की जानकारी दी थी। उनके माध्यम से कंपनी के एमडी अभिनय अरोड़ा और प्रेसिडेंट रंजन नायक को भी अवगत कराया गया, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते अमित कुमार करंट की चपेट में आ गया और ऊंचाई से नीचे गिरकर लोहे के स्क्रैप पर जा गिरा। कंपनी की ओर से परिजनों को फोन पर घटना की सूचना दी गई। जब परिजन हरिद्वार पहुंचे तो उन्हें अमित कुमार की मौत की जानकारी मिली। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी अस्पताल तक नहीं पहुंचा।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



