“पिरान कलियर विधानसभा में रामदेव के 100 से ज्यादा बच्चे..!!
वोटर लिस्ट में बड़ा खुलासा, विधायक फुरकान अहमद ने उठाए गंभीर सवाल..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच पिरान कलियर विधानसभा की मतदाता सूची को लेकर नया विवाद सामने आया है। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निर्वाचन अधिकारियों को शिकायत भेजी है। उनका दावा है कि एक ही बूथ की मतदाता सूची में 100 से अधिक मतदाताओं के पिता का नाम “रामदेव” दर्ज है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
विधायक के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के शांतरशाह स्थित बूथ संख्या-48 की मतदाता सूची का अवलोकन करने पर यह तथ्य सामने आया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के पिता के नाम के स्थान पर “रामदेव” अंकित है और मकान नम्बर 0 लिखा है, उनका कहना है कि यदि यह रिकॉर्ड सही है तो इसकी वजह स्पष्ट होनी चाहिए और यदि यह तकनीकी त्रुटि या डेटा एंट्री में हुई चूक है तो उसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए। वहीं, यदि इसके पीछे किसी प्रकार की अनियमितता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फुरकान अहमद ने कहा कि निर्वाचन आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। ऐसे में इस तरह के मामलों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने और मतदाता सूची में मौजूद कथित गड़बड़ियों को दूर करने की मांग की है।
विधायक ने इस मुद्दे के साथ प्रदेश सरकार पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। उनका कहना है कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत देकर सरकार बनाने का फैसला करेगी।



