
पंच👊नामा-ब्यूरो
चमोली; अयोध्या के राम मंदिर में चंदे को लेकर उठे विवाद की चर्चाओं के बीच अब विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भी चढ़ावे की रकम में कथित हेरफेर के आरोपों ने हलचल मचा दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कुछ कर्मचारियों पर दान राशि के प्रबंधन में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है और विपक्ष ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि वायरल पत्र के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में फिलहाल कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आया है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मंदिर समिति कर्मचारी महासंघ ने भी स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय हक-हकूकधारियों ने भी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल दान राशि में गड़बड़ी के आरोप सोशल मीडिया पर वायरल पत्र पर आधारित हैं। जांच पूरी होने तक किसी भी कर्मचारी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और मंदिर समिति की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।



