
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राजपुर में दो नाबालिग बालिकाओं के साथ कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जनरल स्टोर संचालक को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पीड़ित पक्ष की लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों नाबालिग पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी पूरी की।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और सोमवार को गढ़मीर तिराहे से नामजद आरोपी अनुज वालिया (56 वर्ष), पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम गढ़, पोस्ट ऑफिस गढ़मीरपुर, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी जनरल स्टोर व कन्फेक्शनरी की दुकान संचालित करता है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, चौकी प्रभारी सुमननगर राकेश सिंह, उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, कांस्टेबल जयदेव व कांस्टेबल महेन्द्र तोमर शामिल रहे।



