
पंच👊नामा
रुड़की; रोडवेज बस अड्डे के समीप एक होटल के बंद कमरे में सेना के एक जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कई दिनों से होटल में ठहरे जवान के कमरे से कोई हलचल न होने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डुप्लीकेट चाबी से कमरा खुलवाया तो जवान मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारण रहस्य बने हुए हैं और अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय कमलदीप सिंह पुत्र बहादुर सिंह निवासी जीआईसी गेट के पास गंगोलीहाट पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। वह 14 जून से रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने से होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल प्रबंधन की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां कमलदीप सिंह मृत मिले। तलाशी के दौरान उनके पास से सेना का पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद हुए, जिससे उनकी शिनाख्त की गई। पुलिस ने मृतक के मोबाइल से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पैटर्न लॉक होने के कारण सफलता नहीं मिली।
इसके बाद सेना के अधिकारियों को सूचना दी गई। सेना की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बाद में मृतक के मोबाइल पर आए एक परिचित के फोन के जरिए परिजनों तक घटना की सूचना पहुंचाई गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।



