
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार/रुड़की; जनपद में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार शातिर अपराधियों की कमर तोड़ रही है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान में बुधवार को पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिलीं।
एक ओर सिडकुल पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक वांछित वाहन चोर को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी ओर कलियर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बाइक चोरी का खुलासा करते हुए दो वाहन चोरों को दबोच लिया। दोनों कार्रवाइयों में कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने दो अलग-अलग बाइक चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए रजत उर्फ कार्तिक पुत्र अनिल भारद्वाज निवासी ग्राम निधौली खुर्द, जिला एटा (हाल निवासी रोशनाबाद, हरिद्वार) को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस चेकिंग के दौरान टैप इंडिया कंपनी तिराहे के पास बाइक मोड़कर भागने की कोशिश में फिसलकर गिर गया,
जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। जांच में उसके कब्जे से बरामद सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी के संबंधित मुकदमा की निकली। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सहवाज के साथ मिलकर सिडकुल और रानीपुर क्षेत्र से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। सहवाज को पुलिस पहले ही एक अन्य वाहन चोरी के मामले में जेल भेज चुकी है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाई गई दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस थाना सिडकुल के मुकदमें व दूसरी स्प्लेंडर प्लस थाना रानीपुर में दर्ज मुकदमें से संबंधित मिली। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सिडकुल पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, हेड कांस्टेबल संजय तोमर व कांस्टेबल सुनील कुमार।
उधर, प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने भी बाइक चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। जावेद पुत्र असगर निवासी बेड़पुर की सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में दर्ज मुकदमा की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एनआईसी कॉलेज धनौरी और तिरछा पुल के बीच बावन दर्रा लिंक रोड से दो आरोपियों को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों संदीप कुमार और विशाल कुमार, दोनों निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना कलियर ने स्वीकार किया कि उन्होंने 5 जुलाई को सोहलपुर रोड स्थित खेत से बाइक चोरी की थी और उसे बेचने के लिए सलेमपुर की ओर जा रहे थे। दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और खर्च पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। मुकदमे में सम्बंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार व हेड कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे।



