
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस से बचकर भाग रहे एक युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद पीछा कर रहे पुलिस कांस्टेबल की बाइक भी दोनों बाइकों से जा भिड़ी।
भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछा कर रहा कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पथरी थाना क्षेत्र में कांस्टेबल सुशील और चेतन गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाकर भाग निकला। संदेह होने पर कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
भागने के दौरान एक मोड़ पर युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रहे कांस्टेबल सुशील की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से जा भिड़ी।
हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल सुशील गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान मनोज कुमार निवासी फेरूपुर, पथरी और अजय निवासी हौजखेड़ी, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मनोज पतंजलि में नौकरी करता था। वहीं, अजय के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि घायल कांस्टेबल सुशील के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



