“धनोरी इंटर कॉलेज प्रबंधन की जांच की मांग, ‘नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट’ की ओर से एसएसपी कार्यालय में की गई शिकायत..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धनोरी इंटर कॉलेज (एनआईसी) के प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर ‘नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट’ की ओर से मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नाम शिकायत प्रकोष्ठ में विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा गया। ट्रस्ट के पदाधिकारी व विधि विशेषज्ञ कृष्णकांत एसएसपी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनके उपलब्ध नहीं होने पर ज्ञापन शिकायत प्रकोष्ठ में जमा कराया गया।
मीडिया से बातचीत में कृष्णकांत ने बताया कि शिकायत में कॉलेज प्रबंधन से जुड़े कई मामलों की जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत में कथित फर्जी सदस्यता व चुनाव प्रक्रिया, वर्ष 2012 की चतुर्थ श्रेणी नियुक्तियों में अनियमितता, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग, अभिलेखों के गायब होने, ग्राम समाज की भूमि के कथित अवैध विक्रय व बिना वैध लीज के सरकारी भूमि पर संस्थान और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने सहित विभिन्न बिंदु उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायत के साथ विभिन्न विभागों के पत्राचार, जांच रिपोर्टों और अन्य दस्तावेजों का भी उल्लेख किया गया है। ट्रस्ट का दावा है कि इन मामलों में पूर्व में भी विभागीय स्तर पर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी।
शिकायत में पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एसआईटी व विजिलेंस जांच कराने, वित्तीय लेनदेन और भूमि संबंधी अभिलेखों की जांच, कथित नियुक्तियों की समीक्षा और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष पड़ताल कराने की मांग की गई है। साथ ही आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने,
वित्तीय अनियमितताओं का फोरेंसिक ऑडिट कराने और सरकारी भूमि व सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े मामलों की जांच पूरी होने तक आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने का भी अनुरोध किया गया है। इस दौरान शिकायतकर्ता प्रियांशु काम्बोज, राहुल कुमार, दिव्यांशु काम्बोज, नीरज सैनी, राकेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधक आदेश कुमार सैनी का कहना है कि जो आरोप लगाए जा रहे है उन्हें उनकी जानकारी नही है, यदि कोई जांच आती है तो उसका तथ्यों के साथ जवाब दिया जाएगा…



