देहरादून

“तीन दिन की भूख हड़ताल ने जगाई सरकार, सीएम धामी ने प्रतिनिधि भेजकर तुड़वाया अनशन, रमेश जोशी से खुद लिया ज्ञापन, कार्रवाई का मिला आश्वासन..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; उत्तराखंड में लंबित विजिलेंस जांचों, भ्रष्टाचार के आरोपियों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई में कथित देरी के विरोध में सुराज सेवा दल के जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल की तीन दिन से चल रही भूख हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। आंदोलन के तीसरे दिन सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा सांसदों से मिलने के लिए आगे बढ़े। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया गया।आंदोलन के बढ़ते दबाव और मौके की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के कोऑर्डिनेटर दलवीर दानू मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों से वार्ता की और संबंधित अधिकारियों से बातचीत के बाद एक सप्ताह के भीतर संगठन की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद मुख्यमंत्री कोऑर्डिनेटर दलवीर दानू ने जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई।भूख हड़ताल समाप्त होने के बाद सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को दोबारा तेज किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विजिलेंस जांचों को वर्षों तक लंबित रखना जनता के साथ धोखा है और इससे भ्रष्टाचारियों को संरक्षण मिलने की धारणा मजबूत होती है।प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र बिष्ट ने कहा कि सरकार को जनता की आवाज सुननी ही होगी। भ्रष्टाचार, माफियागिरी और लंबित जांचों के मुद्दे पर चुप्पी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल जनहित के मुद्दों को लेकर किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेगा।सुराज सेवा दल के जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के हक, न्याय और ईमानदार व्यवस्था के लिए थी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन मिला है। यदि निर्धारित समय में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो सुराज सेवा दल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेगा।इस दौरान सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, कमल धामी, कावेरी जोशी, नितिन कटारिया, अमित अग्रवाल, राजेश थापा, वीरेंद्र सिंह, हिमांशु धामी, नवीन, मोनू, दिव्यांश, पूजा नेगी, संगीता, मोनिका, नसरीन, सुमन, लक्ष्मी और गीता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!