
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; बीएचईएल के जंगल में घायल और बेहोशी की हालत में मिली 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और उसे जान से मारने की नीयत से हमला करने के सनसनीखेज मामले में रानीपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से मारपीट कर उसे बीएचईएल की झाड़ियों में मरने के लिए छोड़कर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुराने पथरी पावर हाउस के पास से दबोच लिया।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रानीपुर पुलिस ने इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही घटना से जुड़े सुराग जुटाए और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपी की तलाश की। पुलिस के मुताबिक, कई स्थानों पर दबिश और सीसीटीवी फुटेज के अध्ययन के बाद टीम को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी आधार पर पुलिस टीम ने पुराने पथरी पावर हाउस के पास से शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तीन अगस्त को किशोरी घर से सहेली के यहां किताब लेने की बात कहकर निकली थी। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान चार अगस्त को रानीपुर क्षेत्र के सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के पास जंगल/झाड़ियों में किशोरी घायल अवस्था में मिली। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
पुलिस ने तत्काल किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। उपचार के दौरान होश आने पर किशोरी ने परिजनों और पुलिस को घटनाक्रम के संबंध में जानकारी दी।
किशोरी के बयानों के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी शेखर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट कर उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
मामले में पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर रानीपुर कोतवाली में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल टीमें सक्रिय कर दी थीं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल, निवासी ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस टीम में….
1:- मनोहर सिंह भण्डारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर
2:- उ0नि0 संदीपा भण्डारी, कोतवाली रानीपुर
3:- अ0उ0नि0 सुबोध घिल्डियाल, कोतवाली रानीपुर
4:- कानि0 गम्भीर तोमर, कोतवाली रानीपुर
5:- कानि0 प्रेम सिंह, कोतवाली रानीपुर



