“स्वतंत्रता दिवस और उर्स मेले को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी..
होटल-धर्मशालाओं से लेकर रेलवे स्टेशन और बाजारों तक सघन चेकिंग, कलियर में पुलिस-पीएसी व पैरामिलिट्री फोर्स ने किया फ्लैग मार्च..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; स्वतंत्रता दिवस और कलियर के 758वें सालाना उर्स मेले को लेकर हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जिलेभर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तेज कर दी है। वहीं, कलियर क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और क्षेत्र में अपनी मौजूदगी का एहसास कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा होटल, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, प्रमुख बाजारों
और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। महत्वपूर्ण स्थानों पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से भी सुरक्षा जांच की जा रही है।
इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और 758वें सालाना उर्स मेले के मद्देनजर कोतवाली कलियर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडे के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च में कलियर मेला पुलिस फोर्स, जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स, पुलिस कर्मचारी और रिक्रूट आरक्षी शामिल रहे।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने पीपल चौक, कलियर चौक, सदन चौक, हज हाउस, बेड़पुर चौक, दरगाह मुख्य प्रवेश द्वार और बरेली सराय रोड समेत प्रमुख क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। पुलिस ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से उर्स मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस और उर्स मेले के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडे, प्रभारी निरीक्षक कलियर कमल मोहन भंडारी समेत थाना एवं चौकी पुलिस का बल मौजूद रहा। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस और उर्स मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।



