हरिद्वार

“हरिद्वार में बच्चा चोरी और ब्लाइंड मर्डर की गुत्थियां सुलझाने वाले पुलिसकर्मियों को मेडल सूची में नहीं मिली जगह..

मासूमों की बरामदगी से लेकर अज्ञात शवों की पहचान और हत्यारों तक पहुंचने में जुटी रहीं टीमें, खुलासों पर शाबाशी, मगर मेडल के समय अनदेखी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट और विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया गया। हालांकि इसी बीच उन पुलिस टीमों की अनदेखी चर्चा में है, जिन्होंने पिछले कुछ समय में बच्चा चोरी से लेकर कई बेहद चुनौतीपूर्ण और ब्लाइंड मर्डर केस का राजफाश कर पीड़ितों को न्याय दिलाया। इन मामलों में पुलिस के सामने कई बार मृतकों की पहचान तक सबसे बड़ी चुनौती बनी, लेकिन टीमों ने लगातार मेहनत कर एक-एक कड़ी जोड़ी और हत्यारों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया।कनखल, हरिद्वार कोतवाली और पिरान कलियर क्षेत्र में बच्चा चोरी की तीन घटनाएं एक के बाद एक सामने आई थीं। मामलों में पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ आरोपियों तक पहुंचने की नहीं थी, बल्कि मासूमों को सकुशल बरामद कर उनके परिवार तक पहुंचाने की भी थी। पुलिस टीमों ने लगातार सुराग जुटाए, घटनाओं की कड़ियां जोड़ीं और तीनों मामलों का राजफाश किया। इसी जांच के दौरान दिल्ली से चोरी किए गए एक मासूम की घटना की कड़ी भी सामने आई, जिससे दिल्ली पुलिस को अपने मामले के खुलासे में मदद मिली। संवेदनशील मामलों में पुलिस टीमों की यह कार्रवाई खासा महत्वपूर्ण रही।
———————————–
दरिंदगी पर खुद वादी बनी पुलिस, मुठभेड़ में पकड़ा आरोपी……शहर कोतवाली क्षेत्र में पिछले महीने महिला की निर्मम हत्या कर शव ठिकाने लगा दिया गया था। शव की पहचान नहीं हो पा रही थी और हत्या की वजह भी सामने नहीं थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण सामने आने के बाद पुलिस ने दरिंदगी का शिकार हुई महिला को न्याय दिलाने के लिए खुद वादी बनकर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। मुठभेड़ में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ। इस कार्रवाई से अज्ञात महिला को न्याय दिलाने की दिशा में पुलिस ने अहम भूमिका निभाई।
———————————–
भगवानपुर की हत्या में दो सगे भाइयों समेत कई गिरफ्तार……भगवानपुर क्षेत्र में सहारनपुर के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में मृतक की पहचान और घटना के पीछे की पूरी कहानी पुलिस के लिए चुनौती थी। पुलिस ने लगातार जांच और पूछताछ के बाद घटना की कड़ियां जोड़ीं। पड़ताल में सामने आया कि ढाबे पर मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का राजफाश किया।
———————————–
‘कौशल्या’ ढूंढने को कई राज्यों की वोटर लिस्ट खंगाली…..श्यामपुर क्षेत्र के चंडी देवी पैदल मार्ग पर महिला का शव मिलना वर्ष 2026 के सबसे पेचीदा मामलों में शामिल रहा। महिला की पहचान के नाम पर पुलिस के पास केवल उसके हाथ पर लिखा ‘कौशल्या’ शब्द था। न कोई पता था और न पहचान से जुड़ा कोई अन्य स्पष्ट सुराग। पुलिस ने कई राज्यों की वोटर सूचियां तक खंगालीं और कौशल्या नाम की महिला की तलाश में लगातार प्रयास किए। आखिरकार पहचान सामने आई और पुलिस उसके प्रेमी समेत अन्य आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड का राजफाश कर दिया गया।
———————————–
खुलासे पर शाबाशी, मेडल का आश्वासन…..इन मामलों के खुलासे के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस में संबंधित टीमों की खुलकर सराहना की थी। कठिन परिस्थितियों में काम करने और जटिल मामलों को सुलझाने के लिए टीमों की पीठ थपथपाई गई थी। बेहतर कार्य के लिए मेडल दिलाने की बात भी कही गई थी। लेकिन स्वतंत्रता दिवस की सम्मान सूची जारी हुई तो इन टीमों के नाम उसमें नजर नहीं आए।मेडल पुलिसकर्मी के लिए केवल धातु का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि उसके कठिन परिश्रम और जोखिम भरे कार्य की विभागीय पहचान होता है। ऐसे में जिन पुलिस टीमों ने मासूमों को उनके परिवार तक पहुंचाया, अज्ञात शवों की पहचान कराई और हत्यारों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया, उनका सम्मान सूची से बाहर रह जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
———————————–मेडल सूची में राजधानी, पीएसी और जिलों के कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों को भी स्थान मिला है। कार्यालयी जिम्मेदारियां पुलिस व्यवस्था का जरूरी हिस्सा हैं, लेकिन फील्ड में लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच काम करने वाली इन टीमों की उपलब्धियां भी अपने आप में उल्लेखनीय हैं। अनुशासन के कारण पुलिसकर्मी भले ही इस पर खुलकर कुछ न कहें, लेकिन जिन टीमों की खुलासे के समय खूब सराहना हुई थी, उनकी पदक सूची में गैरमौजूदगी को लेकर महकमे में चर्चा जरूर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!