“सड़क पर गुंडागर्दी कर रहे देहरादून की नामी यूनिवर्सिटी के हुड़दंगी छात्रों को पुलिस ने सिखाया कानूनी सबक..
वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एडमिशन पर भी तलवार..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; सड़क को अखाड़ा बनाकर खुलेआम मारपीट और हुड़दंग करने वाले यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (UPES) के सात छात्रों पर पुलिस का डंडा चला है। बिदौली क्षेत्र में सड़क पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो वायरल होते ही
कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने मामले का संज्ञान लिया और प्रेमनगर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने सातों छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, उनके कारनामे की रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजकर निलंबन की संस्तुति भी की गई है।
मामला छह सितंबर का है। बिदौली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो हालात देखकर दंग रह गई। दोनों पक्ष सड़क पर एक-दूसरे से मारपीट कर रहे थे। सार्वजनिक स्थान पर चल रही इस मारपीट से राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।
पुलिस ने पहले समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन छात्रों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष फिर भिड़ने को तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस ने भी सख्ती दिखाई और प्रेमनगर इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में सातों छात्रों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
यूनिवर्सिटी को भी भेजी रिपोर्ट…..
पुलिस ने छात्रों की हरकत को केवल थाने तक सीमित नहीं रखा। संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरी घटना की रिपोर्ट भेजी गई है और छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन की संस्तुति की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि कॉलेज या यूनिवर्सिटी की पहचान कानून से ऊपर होने का लाइसेंस नहीं है।
सातों छात्र गिरफ्तार….?
गिरफ्तार छात्रों में आर्यन पाटनी (21), अभय कोहली (21), नैथन (21), कृष उपाध्याय (20), युग नागर (21), अर्पित तोमर (19) और कवि अत्री (20) शामिल हैं। सभी प्रेमनगर क्षेत्र के कंडोली निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी बिदौली प्रभारी उप निरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल जसबीर कंडारी, श्रीकांत मलिक और जगजोत शामिल रहे।
सड़क पर हुड़दंग करने वालों के लिए सीधा संदेश…..
प्रेमनगर पुलिस की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सड़क पर मारपीट कर आम लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वर्दी देखकर भी नहीं रुके तो पुलिस कार्रवाई से भी नहीं बच पाएंगे। सार्वजनिक जगह पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।



