
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; जिला कारागार हरिद्वार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी फोन कॉल और वाट्सऐप मैसेज के जरिए दिए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बताया जा रहा है कि मामले में हिमांशु चड्ढा नाम के व्यक्ति पर धमकी देने का आरोप है। हिमांशु की पत्नी जिला कारागार में निरुद्ध है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जेल के भीतर फोन कॉल समेत अन्य गैरकानूनी सुविधाएं दिलाने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था।
मांग पूरी नहीं हुई तो दी धमकी…..
आरोप है कि जेल अधिकारियों की ओर से उसकी मांग पूरी नहीं किए जाने पर उसने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी। फोन कॉल के साथ वाट्सऐप मैसेज के माध्यम से भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा….
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल खंगाल रही तकनीकी साक्ष्य……
पुलिस सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर, लोकेशन और वाट्सऐप से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
धमकी की घटना के बाद जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। जेल परिसर में निगरानी बढ़ाने के साथ सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



