अपराधउत्तराखंड

“पड़ोसी युवती की हत्या में बाप-बेटियों समेत तीन गिरफ्तार, तमंचा बरामद..

खून के निशान मिटाने से लेकर शव को दूसरी जगह पहुंचाने तक, पुलिस पूछताछ में खुला राज..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
काशीपुर; महुआखेड़ागंज में युवती की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपियों ने वारदात के निशान मिटाने के लिए फर्श पर पड़े खून के धब्बों को साफ करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, मृतका के शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर घटनास्थल बदलने की भी कोशिश की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर मामले के त्वरित अनावरण के लिए आईटीआई कोतवाली पुलिस की टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमें लगातार नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश देने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी में जुटी थीं। इसी क्रम में 12 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर दबोच लिया।10 सितंबर को गोली लगने से हुई थी युवती की मौत…..
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में मृतका के भाई फईम हुसैन पुत्र स्वर्गीय फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज, काशीपुर की तहरीर पर कोतवाली आईटीआई में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े…..
विवेचनात्मक कार्रवाई और आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने मौके से साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं तहत कार्रवाई की गई।छीनाझपटी के दौरान चली गोली, मेहविश की हुई मौत….
पुलिस पूछताछ में आरोपी साजिद ने बताया कि उसके पास मौजूद 12 बोर का तमंचा उसने करीब छह माह पूर्व महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पूछताछ में पुलिस के सामने यह बात आई कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई। इसी दौरान साजिद की छोटी बेटी से गोली चल गई, जो मेहविश को जा लगी और उसकी मौत हो गई।खून के धब्बे मिटाए, शव दूसरी जगह पहुंचाकर बदलना चाहा घटनास्थल….
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने मौके पर फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद साजिद ने मृतका के शव को अपने घर से हटाकर उसके घर पहुंचा दिया, ताकि घटनास्थल को बदला जा सके। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।तीनों आरोपी गिरफ्तार…
1:- साजिद पुत्र जुम्मा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
2:- सबीना पुत्री साजिद, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
3:- फिजा पुत्री साजिद, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।

पुलिस टीम…
मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई मोहन चंद्र पाण्डेय, प्रभारी चौकी पैगा विक्रम सिंह धामी, अ0उ0नि0 दीपक चौहान, कानि0 हरीश नेगी, कानि0 जगदीश दुगताल, म0कानि0 राधा गोस्वामी व कानि0 धर्मेन्द्र भारती शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!