राजनीतिहरिद्वार

“रुड़की विधानसभा के सियासी मैदान में पहली एंट्री, पत्रकार दीपक शर्मा बने पहले उम्मीदवार..

जन निर्माण पार्टी ने घोषित किया प्रत्याशी, पत्रकारों की एकजुटता के बीच सोनिया शर्मा ने दिलाई पार्टी की सदस्यता..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। जन निर्माण पार्टी ने रुड़की विधानसभा सीट से पत्रकार दीपक शर्मा को प्रत्याशी घोषित कर चुनावी मैदान में पहली औपचारिक एंट्री कर दी है। जून 2026 में सोनिया शर्मा के नेतृत्व में जन निर्माण पार्टी के गठन के बाद से पार्टी लगातार संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों में सक्रिय है।गुरुवार को रुड़की प्रेस क्लब से पत्रकारों का एक समूह खानपुर विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पहुंचा। यहां जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने पत्रकार दीपक शर्मा को पार्टी की सदस्यता दिलाई और इसके साथ ही उन्हें रुड़की विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। इस दौरान पत्रकारों की मौजूदगी और समर्थन ने कार्यक्रम को राजनीतिक रंग दे दिया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रुड़की में सियासी गतिविधियां बढ़ने के बीच यह घोषणा स्थानीय राजनीति में एक नए कोण के रूप में देखी जा रही है। पार्टी पहले ही विधानसभा क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की बात कह चुकी है।जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि पत्रकार लगातार जनता के बीच रहते हैं और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं की जमीनी जानकारी होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल समस्याओं को सामने लाने का काम नहीं करते, बल्कि उनके समाधान के लिए आवाज उठाने का माद्दा भी रखते हैं। ऐसे में दीपक शर्मा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और उनकी समस्याओं को विधानसभा तक पहुंचाने वाले प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने दीपक शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पत्रकार दीपक शर्मा ने पार्टी नेतृत्व और पत्रकार साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के दौरान उन्होंने लंबे समय से जनता की समस्याओं को करीब से देखा और समझा है। अब उन्हीं जनसरोकारों को राजनीतिक मंच के माध्यम से मजबूती से उठाने का निर्णय लिया है। उनका कहना था कि चुनाव उनके लिए केवल राजनीतिक पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं और आम लोगों की आवाज को प्रभावी ढंग से सामने रखने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए वह पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेंगे।खानपुर विधायक व वरिष्ठ पत्रकार उमेश कुमार ने दीपक शर्मा को प्रत्याशी घोषित किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता उनकी बड़ी ताकत है और इस ताकत का अहसास दीपक शर्मा को विधानसभा तक पहुंचाकर कराया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट होकर जनता की समस्याओं को उठाने का आह्वान किया। उमेश कुमार ने कहा कि चौथा स्तंभ अब तीसरे स्तंभ की लड़ाई लड़ने के लिए सियासी मैदान में उतर चुका है। रुड़की विधानसभा सीट से दीपक शर्मा की घोषणा के साथ ही चुनावी चर्चाओं को भी नई धार मिलने लगी है। अब आने वाले दिनों में अन्य राजनीतिक दल और संभावित दावेदार किस तरह अपनी रणनीति सामने रखते हैं, इस पर भी क्षेत्र की राजनीतिक हलचल नजरें टिकाए रहेगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!