“डॉ. विजयेन्द्र पालीवाल को प्रतिभा रत्न सम्मान, हिंदी साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा में योगदान के लिए नई दिल्ली में मिला सम्मान, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत रहे मुख्य अतिथि..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हिंदी साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हरिद्वार के लेखक एवं शिक्षाविद डॉ. विजयेन्द्र पालीवाल को नई दिल्ली में ‘प्रतिभा रत्न अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। इंटरनेशनल अवार्ड काउंसिल की ओर से नई दिल्ली स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि देशभर की प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित किया जाना प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं को बेहतर कार्य करने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए ऊर्जा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त वरिष्ठ आइएएस अधिकारी तनवीर जफर अली ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए अलग-अलग भाषा और संस्कृति से जुड़े विद्वानों को सम्मानित करना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली की रिसर्च साइंटिस्ट डॉ. स्वर्णलता पांचाल ने कहा कि प्रत्येक प्रतिभा सम्मान की हकदार है। इस तरह के आयोजन उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में और अधिक उत्साह से काम करने की प्रेरणा देते हैं।
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मुकेश कुमार त्रिपाठी ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को पहचान और सम्मान मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित और प्रभावी बताया। सम्मान मिलने पर डॉ. पालीवाल के परिजनों, शुभचिंतकों के साथ ही हरिद्वार के साहित्यकारों और विद्वानों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



