
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने रानीपुर क्षेत्र में माहौल गरमा दिया। वीडियो में दो युवक वाल्मीकि समाज के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी और गाली-गलौज करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। मामला पुलिस तक पहुंचते ही रानीपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान की और गुरुवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया की सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को गंभीरता से लिया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी समाज या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वीडियो की पड़ताल करते हुए दोनों युवकों की पहचान की। इसके बाद दोनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ वादी सत्यम पुत्र नरेश, निवासी अम्बेडकर चौक, ब्रह्मपुरी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिनव उर्फ हैरी पुत्र अजय कुमार (21 वर्ष) निवासी रामपुर मनिहारन, सहारनपुर, हाल निवासी विट्टल विहार कॉलोनी, बैरियर नंबर-6, रानीपुर हरिद्वार व मोन्टी भारती पुत्र संजय भारती (23 वर्ष) निवासी पवन पुत्र कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, रानीपुर हरिद्वार शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने व लोगों की भावनाओं को भड़काने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, अशोक सिरसवाल (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), कांस्टेबल गंभीर तोमर व होमगार्ड इसम सिंह शामिल रहे।



