
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में धरने के बीच कुल सचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे कुछ लोगों ने बुजुर्ग कुल सचिव के सुझाव देने पर उनके साथ मारपीट कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। वीडियो में कुछ लोग कुल सचिव को जमीन पर गिराकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में हुड़दंग करने वालों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित और अन्य अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत गुरुकुल कांगड़ी में कुल सचिव के साथ हुई मारपीट के वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
थाना कनखल के एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में मारपीट करते दिखाई दे रहे चार आरोपियों को चिह्नित किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में आरोपियों द्वारा कुल सचिव को जमीन पर गिराकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम….
1:- रजनीश भारद्वाज पुत्र स्वर्गीय महेश भारद्वाज।
2:- नरेंद्र मलिक पुत्र स्वर्गीय जयपाल।
3:- ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह।
4:- उमाशंकर पुत्र स्वर्गीय भगवान दत्त शर्मा।
चारों आरोपी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, कोतवाली कनखल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस टीम में एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी व हेड कांस्टेबल संजय धनाई शामिल रहे।



