अपराधदेहरादून

“वारदात को अंजाम देने देहरादून पहुंचे रुड़की के दो बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोलियां, पुलिस की गाड़ी का शीशा भी क्षतिग्रस्त..

बाइक पर लगी फर्जी नंबर प्लेट, पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली की बड़ी कार्रवाई..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; दून की सड़कों पर आधी रात को बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देने की हिमाकत कर दी। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक पर निकले दो शातिर चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ने से बचने के लिए भागे ही नहीं, बल्कि पुलिस टीम पर गोलियां भी बरसा दीं। पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों का सामना आखिरकार पुलिस की जवाबी कार्रवाई से हुआ। नतीजा यह रहा कि दोनों बदमाश गोली लगने से घायल होकर पुलिस के शिकंजे में आ गए। पुलिस ने दोनों को दबोचकर अस्पताल पहुंचाया। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देर रात्रि पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास पुलिस टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक चालक ने चेकिंग प्वाइंट पर रुकने के बजाय मोटरसाइकिल दौड़ा दी और बुडपुर की तरफ भागने लगा।कोतवाली पटेलनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली पुलिस वाहन में भी लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। गोली लगने से घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों व संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों बदमाश आज भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे, लेकिन पुलिस की चेकिंग में घिर गए। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल भी जा चुके हैं। 2020 में दोनों आरोपियों पर देहरादून के बसंत विहार थाने में गैंगस्टर लगी थी। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान समीम पुत्र इलियास व शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो पिस्टल के साथ जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास, पूर्व में की गई वारदातों और उनके नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!