
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धर्मनगरी हरिद्वार में धार्मिक संपत्तियों पर कब्जे और कथित अवैध खरीद-फरोख्त का मामला एक बार फिर गरमा गया है। मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की कथित अवैध रजिस्ट्री को निरस्त करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने मोर्चा खोल दिया है।
बुधवार को समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने आरोप लगाया कि धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर 3 अगस्त को कथित रूप से अवैध रजिस्ट्री कराई गई है। साथ ही पिछले चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन संभाल रहे परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान समिति अध्यक्ष महेश गौड़ ने आरोप लगाया कि ताज होटल/प्रसाद हेरिटेज की ओर से मेरठ वाली धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन देख रही विधवा प्रबंधक शोभा शर्मा को पिछले डेढ़ माह से कथित तौर पर कुछ लोगों के माध्यम से डराया-धमकाया जा रहा है और धर्मशाला खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। समिति इस तरह के उत्पीड़न को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
समिति के महामंत्री विकास तिवारी ने मामले को गंभीर बताते हुए वर्ष 1995 की एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय धर्मशाला की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि तत्कालीन धर्मशाला प्रबंधक और शोभा शर्मा के पति राम प्रकाश शर्मा (पत्रकार) का पहले अपहरण किया गया और चार दिन बाद उनकी नृशंस हत्या कर दी गई। उनका शव धनौरी-कलियर के पास नहर में मिला था। इसके बाद से शोभा शर्मा धर्मशाला के प्रबंधन का कार्य देख रही हैं।
विकास तिवारी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में धर्मशाला में कथित रूप से अवैध तरीके से गार्ड बैठा दिए गए हैं और वहां ठहरे तीर्थयात्रियों को भी आतंकित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से जुड़ा विवाद जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद प्रबंधक शोभा शर्मा और उनके परिवार पर दबाव बनाए जाने के आरोप बेहद गंभीर हैं।
संस्था के कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में ट्रस्ट की संपत्ति को भवन दर्शाकर कराई गई रजिस्ट्री की जांच नहीं की गई और कथित अवैध रजिस्ट्री निरस्त करने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई तो सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने शोभा शर्मा और उनके परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
समिति ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, धर्मशाला की संपत्ति और रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल करने व प्रबंधक परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। इस दौरान ज्ञापन देने वालों में संजय त्यागी, विजय भंडारी, योगी गणेश नाथ, रमेश कुमार मिड्ढा, स्वामी गणेश दास सहित धर्मशाला प्रबंधक शोभा शर्मा मौजूद रहीं।



