“हरिद्वार में पंचतत्व में विलीन हुईं योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी, छोटे बेटे महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि..
नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ अंतिम संस्कार, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि; संत समाज, केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के दिग्गज नेताओं ने नम आंखों से किया अंतिम दर्शन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार में पंचतत्व में विलीन हो गईं। नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी।
मां को अंतिम विदाई देने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत देश के विभिन्न राज्यों से केंद्रीय मंत्री, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और संत समाज की प्रमुख विभूतियां हरिद्वार पहुंचीं। घाट पर मौजूद हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल शोकाकुल रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमामि गंगे घाट पहुंचकर स्वर्गीय सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। सीएम धामी ने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होता है।
उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
संत समाज की प्रमुख विभूतियों ने दी श्रद्धांजलि….
अंतिम दर्शन के लिए संत समाज की ओर से पतंजलि योगपीठ के संस्थापक योगऋषि स्वामी रामदेव महाराज, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री एवं पतंजलि आयुर्वेद के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण महाराज,
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज,
आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी दर्शन भारती महाराज, श्रीमहंत संजय महाराज, महंत ऋषिश्वरानंद महाराज तथा स्वामी कल्याण देव महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत यूपी सरकार के मंत्रियों का जमावड़ा…..
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, जल शक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, पर्यावरण एवं वन विभाग से संबंधित मंत्री केपी मलिक, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री दिनेश खटीक,
सुनील कुमार शर्मा, उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तराखंड के दिग्गज नेता और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे……
हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर सांसद रवि किशन, सुरेंद्र दिलेर, उत्तराखंड के वन एवं पर्यावरण विभाग के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत,
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भी अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी रहे मौजूद…..
अंतिम संस्कार के दौरान उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आमजन ने नमामि गंगे घाट पहुंचकर दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।



