
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; जिसे अधिकारी की गाड़ी का स्टेयरिंग संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, वही चालक अपने अधिकारी की जान का दुश्मन बन बैठा। महीनों से मन में पनप रही नाराजगी ने ऐसा तूल पकड़ा कि संविदा चालक ने आईबी के अधिकारी चन्द्रप्रकाश (सीपी) नौटियाल पर तमंचे से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें छूकर निकल गई और वह बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए घटनास्थल पर पोछा लगाकर सफाई तक शुरू कर दी। कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी भी थी, लेकिन कनखल पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेरते हुए उसे मौके से ही दबोच लिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और आरोपी की धरपकड़ के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया। मामले में अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह, निवासी ग्राम जयहरी, पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी सर्वप्रिय विहार, कनखल, वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार-पांच महीनों से अधिकारी और चालक के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी अधिकारी की कथित टोका-टाकी और परेशान किए जाने से नाराज था। इसी रंजिश में उसने अधिकारी पर गोली चला दी।
पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने के बाद आरोपी ने घटनास्थल पर फर्श की सफाई कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। वह पोछा लगाकर वारदात के निशान मिटाने में जुटा था और कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस की तत्परता के चलते उसे भागने का मौका नहीं मिला। घायल अधिकारी को पहले बंगाली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया। गोली छूकर निकलने के कारण वह बाल-बाल बच गए। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी विनोद नेगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस टीम में ये रहे शामिल: एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल संजू सैनी।



