“संगठन के प्रति निष्ठा का मिला इनाम, राज्य मंत्री बने सुशील त्यागी..
किसान परिवार से संगठन की मुख्यधारा तक का सफर, संघ की पृष्ठभूमि और मदन कौशिक के करीबी सहयोगी के रूप में बनाई मजबूत पहचान..

पंच👊नामा
रूड़की; संगठन के लिए वर्षों तक पसीना बहाया, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया और हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। आखिरकार सुशील त्यागी की इसी जमीनी मेहनत और संगठनात्मक समर्पण को सम्मान मिला है। गढ़वाल मंडल विकास निगम में निदेशक (राज्य मंत्री स्तर) की जिम्मेदारी मिलने से उनके समर्थकों में उत्साह है। उनकी नियुक्ति को वर्षों की संगठनात्मक तपस्या का प्रतिफल माना जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े सुशील त्यागी भाजपा में मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी उन्होंने पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा है। संगठन की कार्यशैली की गहरी समझ और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल उनकी पहचान रही है।
किसान परिवार में जन्मे सुशील त्यागी ने खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन की चुनौतियों को करीब से देखा है। किसानों की समस्याओं और उनके हितों को उचित मंचों पर उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान पुत्र के रूप में उनकी अलग पहचान है। वहीं शहरी क्षेत्रों में भी सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए उन्होंने मजबूत जनसंपर्क बनाया है।
सुशील त्यागी त्यागी सभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। त्यागी समाज में उनकी मजबूत पकड़ और सक्रियता को उनकी सामाजिक ताकत माना जाता है। राजनीतिक गलियारों में उन्हें कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का करीबी और भरोसेमंद सहयोगी भी माना जाता है। दोनों के बीच लंबे समय से राजनीतिक एवं संगठनात्मक समन्वय रहा है। भाजपा में वर्षों की सक्रियता के बाद मिला यह नया दायित्व उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव, जनसंपर्क और संगठनात्मक कौशल के जरिए गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटन एवं विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।



