हरिद्वार

“सीएम धामी की बड़ी सौगात, रसूलपुर मीठीबेरी में बनेगा मिनी स्टेडियम..

स्वामी यतीश्वरानंद बोले— ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा निखारने में मील का पत्थर साबित होगा मिनी स्टेडियम..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: लालढांग क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने ग्राम रसूलपुर मीठीबेरी को एक और बड़ी सौगात दी है। शिक्षा के क्षेत्र में मॉडल डिग्री कॉलेज की स्थापना के बाद अब गांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण अंचल के युवाओं और बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। बृहस्पतिवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्राम प्रधान तथा क्षेत्रीय नागरिकों की मौजूदगी में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य का आधार भी हैं। इसी सोच के तहत प्रदेश सरकार गांव-गांव तक खेल संसाधन पहुंचाने का अभियान चला रही है।उन्होंने कहा कि रसूलपुर मीठीबेरी क्षेत्र को पहले मॉडल डिग्री कॉलेज की सौगात मिली, जिससे ग्रामीण बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ता। अब मिनी स्टेडियम बनने से खेल प्रतिभाओं को भी स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र की यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। स्वान नदी पर प्रस्तावित झूला पुल के निर्माण के लिए आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) मिलने के बाद पुल निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।कार्यक्रम का संचालन करते हुए ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी ने बताया कि लगभग एक हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वामी यतीश्वरानंद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों की नई इबारत लिखी जा रही है।जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल ने मिनी स्टेडियम को ग्रामीण क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा तथा क्षेत्र में नई खेल संस्कृति विकसित होगी। इस अवसर पर दीपक जखमोला, श्यामपुर ग्राम प्रधान योगेश चौहान, सुनील बिष्ट, मंडल अध्यक्ष दीपक चौहान, अनिता तड़ियाल, सुनील सैनी, राजेंद्र सिंह, कपिल कांडपाल, अंकित पोखरियाल, संतराम सैनी, रामगोपाल सिंह, हेमचंद सिंह, आदेश सिंह, महावीर सिंह, विनोद सैनी, यादराम सैनी, विनय सिंह, रणजीत सिंह, संदीप नेगी, सतेंद्र भंडारी, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!