“अर्द्धकुंभ की मैपिंग करने आया 40 लाख का ड्रोन खुद हो गया लापता, मचा हड़कंप, गुमशुदगी दर्ज..
आईआईटी रुड़की को मिला था मैपिंग का काम, भूपतवाला में मिली लास्ट लोकेशन; जमीन खा गई या आसमान निगल गया, तलाश जारी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्द्धकुंभ की तैयारियों के बीच मैपिंग के काम के लिए हरिद्वार लाया गया करीब 40 लाख रुपये कीमत का ड्रोन अचानक लापता हो गया। उड़ान भरने के बाद ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिला। उसकी आखिरी लोकेशन उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में मिली। काफी तलाश के बाद भी ड्रोन का पता नहीं चलने पर मामला शहर कोतवाली पहुंच गया। आईआईटी रुड़की के कर्मचारी शिवम नौटियाल की ओर से ड्रोन की गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। महंगे ड्रोन के गायब होने से हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, मेला प्रशासन से जुड़े अधिकारी ड्रोन गायब होने की जानकारी से भी इनकार कर रहे हैं।
अर्द्धकुंभ की तैयारियों के तहत मैपिंग जैसे तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की को मिली थी। इसी सिलसिले में ड्रोन हरिद्वार लाया गया था। उड़ान के दौरान ड्रोन लापता हो गया और उसकी आखिरी लोकेशन भूपतवाला में दर्ज हुई। इसके बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
अब सवाल यही है कि आखिर करीब 40 लाख रुपये कीमत का ड्रोन गया कहां? क्या वह जंगल में कहीं गिरकर गुम हो गया या फिर जंगल से सटे रिहायशी इलाके में गिरने के बाद कोई उसे उठाकर ले गया? फिलहाल दोनों ही आशंकाओं के बीच ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि ड्रोन की खोजबीन की जा रही है।



