
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत श्यामपुर पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। चंडीघाट नहर पटरी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 7 किलो से ज्यादा अवैध भांग पत्ती (गांजा) बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में श्यामपुर पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान नहर पटरी चंडीघाट के पास एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली।
वाहन चालक के बगल में रखे प्लास्टिक के कट्टे को देखकर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में चालक के हड़बड़ाने पर पुलिस ने कट्टे की जांच की तो उसमें 07.110 किलोग्राम अवैध भांग पत्ती बरामद हुई।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही पुलिस टीम ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अतिरिक्त कमाई के लालच में गांजा बेचने का धंधा करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आकिल उर्फ शान बाबा पुत्र शबीर निवासी मोहल्ला खग्गू सराय, लदनियो वाली मस्जिद के पास, कोतवाली सम्भल जनपद सम्भल उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सन्तोष सेमवाल (प्रभारी चौकी चण्डीघाट), कांस्टेबल अनिल रावत और कांस्टेबल राजवीर सिंह शामिल रहे।



