राजनीतिहरिद्वार

“छात्रों की गूंज कार्यक्रम के जरिए युवाओं की आवाज बुलंद करेगी कांग्रेस: राजेंद्र चौधरी

नीट, सीबीएसई सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों के बीच कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर ने राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत प्रेस वार्ता आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, जबकि कांग्रेस अब छात्रों के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सुझावों को सीधे सुनने का काम करेगी।जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष चौधरी, पूर्व मेयर गौरव गोयल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ओवैस (आवेश) अंसारी व ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी मौजूद रहे। कार्यक्रम कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत आयोजित किया गया।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार की प्राथमिकताओं में छात्र और युवा शामिल नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट, सीबीएसई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर देने में विफल रही है और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस इस अभियान को राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में चला रही है। पार्टी विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्रों से संवाद करेगी और विशेषज्ञों और शिक्षाविदों की मौजूदगी में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के सुझाव जुटाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके भविष्य को ही संकट में डाल दिया गया है।वहीं पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि आज देश में सबसे अधिक परेशान और उपेक्षित वर्ग युवा वर्ग है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है और लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह में कांग्रेस पूरे जनपद में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर चलाकर जनजागरण अभियान शुरू करेगी।एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी ने कहा कि नीट परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों का मनोबल तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ओवैस अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य और केंद्र स्तर की अनेक परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जो व्यवस्था की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस, छात्र कांग्रेस और मुख्य संगठन के साथ मिलकर युवाओं के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। प्रेस वार्ता के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, कार्यालय सचिव नूर आलम सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!