“केदारनाथ चढ़ावा, अर्द्धकुंभ और सतीकुंड निर्माण पर कांग्रेस का बड़ा हमला, आलोक शर्मा बोले—’सरकार श्वेत पत्र जारी करे, नहीं तो होगा आंदोलन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर भ्रष्टाचार और पारदर्शिता का मुद्दा गरमा गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केदारनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी, आगामी अर्द्धकुंभ के निर्माण कार्यों और सतीकुंड सौंदर्यीकरण परियोजना को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने स्थिति स्पष्ट नहीं की तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन छेड़ेगी।
आर्य नगर चौक स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और सरकार व भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर के बाद अब केदारनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है,
लेकिन एसआईटी जांच के नाम पर केवल छोटे लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है। उन्होंने हाईकोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने और पिछले दस वर्षों में चारधाम में प्राप्त दान और चढ़ावे का पूरा ब्यौरा श्वेत पत्र के माध्यम से सार्वजनिक करने की मांग की।
अर्द्धकुंभ निर्माण कार्यों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता के धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। सभी कार्य सीवीसी की गाइडलाइन के अनुसार टेंडर प्रक्रिया से कराए जाएं और उनकी निगरानी के लिए प्रशासन, सरकार और विपक्ष के प्रतिनिधियों को शामिल कर मॉनिटरिंग कमेटी गठित की जाए।
सतीकुंड निर्माण कार्यों पर उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में भी श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करे और स्थानीय कंपनियों व ठेकेदारों को प्राथमिकता दे। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, मोहन राणा और राजेश मिश्रा भी मौजूद रहे।



