शिवालिकनगर पालिका में भ्रष्टाचार की पोल खोलने निकले सभासद रोके गए, जमकर हंगामा..
चेयरमैन राजीव शर्मा पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, राज्यपाल को भेजा गया एसआईटी जांच का ज्ञापन, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शिवालिकनगर नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर रविवार को बवाल मच गया। पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा की संपत्ति और कार्यप्रणाली की जांच की मांग को लेकर निर्दलीय सभासद अमरदीप उर्फ रोबिन जब समर्थकों के साथ प्रदर्शन के लिए निकले, तो पुलिस ने उन्हें रानीपुर क्षेत्र में ही रोक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। बाद में एएसपी सदर जितेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और वार्ता कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन लिया गया।
सभासद रोबिन ने आरोप लगाया कि पालिका में भारी वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं, लेकिन सत्ताबल के चलते विरोध प्रदर्शन तक की अनुमति नहीं दी जा रही। इसे उन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटना बताया।
————————————–
पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है…..ज्ञापन में कहा गया है कि चेयरमैन राजीव शर्मा ने फर्जी टेंडरों, बिना कार्य के भुगतान, मनमानी मरम्मत और ठेकेदारों से मिलीभगत कर नगर निधियों का दुरुपयोग किया है।
————————————–
स्ट्रीट लाइट से लेकर सफाई तक घपला….स्ट्रीट लाइटों की खरीद महंगे दामों पर की गई। ज़रूरतमंद इलाकों में अंधेरा पसरा है, जबकि कागजों में सब कुछ दुरुस्त दिखाया गया है। सफाई व्यवस्था केवल फाइलों में चल रही है। वाहन और सफाईकर्मी दिखते नहीं, लेकिन खर्च लाखों में दर्ज हैं।
————————————–
सीवरेज अधूरा, भुगतान पूरा….
नगर क्षेत्र में पाइपलाइनें टूटी हैं या बिछाई ही नहीं गईं, फिर भी निर्माण व मरम्मत के भुगतान पूरे कर दिए गए हैं।
————————————–
आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग…..ज्ञापन में यह मांग की गई कि चेयरमैन की चल-अचल संपत्तियों की SIT जांच हो, जिससे स्पष्ट हो कि उनकी संपत्ति उनकी घोषित आय से मेल खाती है या नहीं। आरोप है कि कार्यकाल के दौरान उनकी जीवनशैली और संपत्ति में असामान्य वृद्धि हुई है।
————————————–
राज्यपाल से रखी गई ये मांगें…..1:- पालिकाध्यक्ष के कार्यकाल की SIT जांच
2:- आय से अधिक संपत्ति की विस्तृत जांच
3:- बीते दो वर्षों में हुए निर्माण व मरम्मत कार्यों की फील्ड ऑडिट
4:- दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर कानूनी कार्रवाई
5:- पालिका की सभी परियोजनाओं की सार्वजनिक रिपोर्टिंग व्यवस्था लागू हो
————————————–
जनता की आवाज़ को दबाया जा रहा…..सभासद रोबिन ने कहा कि अब भ्रष्टाचार के खिलाफ उठने वाली हर आवाज़ को सत्ता के बल पर कुचला जा रहा है। उन्होंने इसे जनता के भरोसे और लोकतंत्र दोनों के खिलाफ बताया।
————————————–
ये रहे प्रदर्शन में शामिल प्रमुख चेहरे…….प्रदीप चौहान, प्रदीप तकिया, बबली सिंह, बीके सिंहा, जय तोपवाल, सुरेश मोहन, अविनाश झा, शिवम त्यागी, सुधीर शर्मा, सुनील सिंह, शुभम धीमान, मोहित डिमरी, हिमांशु रावत, तरुण व्यास सहित बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल रहे।