उत्तरप्रदेश

बसंत स्पोर्ट्स 2026: दयालबाग में उमंग, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ भव्य आयोजन..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
ज्योति एस, आगरा। दयालबाग में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत उत्सव श्रद्धा, उल्लास और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जनवरी से 23 जनवरी तक आयोजित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 21 जनवरी की दोपहर बसंत स्पोर्ट्स 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल महोत्सव में दयालबाग के विभिन्न मोहल्लों के बच्चों, युवाओं, महिला-पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जबकि सैकड़ों दर्शकों ने मैदान में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण दयालबाग ई-सत्संग कैस्कैड के माध्यम से किया गया, जिसे देश-विदेश में बसे सत्संगी भाई-बहनों ने बड़े उत्साह के साथ देखा। कार्यक्रम में गुरु महाराज के आगमन पर श्रद्धापूर्वक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में दयालबाग के प्रेसिडेंट, माननीय श्री गुर स्वरूप सूद साहब ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। प्रार्थना के साथ आरंभ हुए इस आयोजन में अनुशासन और समर्पण की स्पष्ट झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के भव्य मार्चपास्ट से हुई। मार्चपास्ट का विशेष आकर्षण कैटल ग्रुप रहा, जिसमें 10 ऊंट, 52 बकरियां तथा भोलू भैंसा अपनी गाड़ी के साथ शामिल रहे। मार्चपास्ट के दौरान प्रतिभागियों ने माननीय प्रेसिडेंट साहब को सलामी दी, जिसे दर्शकों ने करतल ध्वनि के साथ सराहा।बसंत स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमेन चिल्ड्रेन, सब-जूनियर (9 से 12 वर्ष), जूनियर (12 से 15 वर्ष), सीनियर (15 से 18 वर्ष), 18 से 22 वर्ष का वर्ग, मोहल्ला पंच-सरपंच एवं दयालबाग सुरक्षा गार्ड, साथ ही आगरा की तीन सत्संग ब्रांच एवं दयालबाग के भाई साहबानों की रस्साकशी प्रतियोगिता शामिल रही। इस वर्ष प्रतियोगिताओं का विशेष आकर्षण जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमेन चिल्ड्रेन के फेस-वन और फेस-टू के अंतर्गत आयोजित एनीमल रेस एवं बॉल बैलेंसिंग रेस रहीं, जिनमें नन्हे-मुन्ने प्रतिभागियों ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन की एक और विशेषता यह रही कि स्वामी बाग के युवा लड़के-लड़कियों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे आयोजन का स्वरूप और भी व्यापक व जीवंत हो उठा।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को माननीय प्रेसिडेंट श्री गुर स्वरूप सूद साहब द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सब-जूनियर वर्ग में लड़कों में स्वेत नगर के अगम तथा लड़कियों में कार्यवीर नगर की मानवी चैंपियन रहीं। जूनियर वर्ग में लड़कों में कार्यवीर नगर के परम आरत और लड़कियों में विद्युत नगर की अनन्या गर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में लड़कों में स्वेत नगर के प्रेम प्रसाद और लड़कियों में कार्यवीर नगर की कनक को चैंपियन घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण के पश्चात दयालबाग के नियमित पी.टी. प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक पी.टी. प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अनुशासन, समन्वय और ऊर्जा से भरपूर इस प्रदर्शन को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।परम पिता के चरणों में शुकराने एवं प्रार्थना के साथ यह भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बसंत स्पोर्ट्स 2026 न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला आयोजन सिद्ध हुआ, बल्कि इसने दयालबाग की सामूहिकता, अनुशासन, उत्कृष्टता और आध्यात्मिक मूल्यों को भी सशक्त रूप से उजागर किया। देश-विदेश के लगभग 580 केंद्रों पर इसके सजीव प्रसारण के माध्यम से लाखों सत्संगी भाई-बहन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रूप से इस आनंदमय आयोजन के सहभागी बने, जिससे यह कार्यक्रम एक यादगार और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!