“विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हरिद्वार पुलिस, एसएसपी ने गठित किया चुनाव सेल; पांच पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले..
इंस्पेक्टर योगेश दत्त को सौंपी चुनाव सेल की कमान, 13 सदस्यीय टीम संभालेगी चुनावी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी; CIU रुड़की समेत समेत कई क्षेत्रों में हुआ फेरबदल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह ने चुनाव सेल का गठन करते हुए 13 सदस्यीय टीम की जिम्मेदारी तय कर दी है। इंस्पेक्टर योगेश दत्त को चुनाव सेल का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए चार उपनिरीक्षकों और एक अपर उपनिरीक्षक के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठित चुनाव सेल चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करने के साथ ही पुलिस बल की मांग, आवंटित फोर्स के वितरण और अन्य चुनावी कार्यों को व्यवस्थित करने का काम करेगी। एसएसपी की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। चुनाव सेल में एक उपनिरीक्षक, एक अपर उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल समेत कुल 13 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। टीम इंस्पेक्टर योगेश दत्त के नेतृत्व में चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी।
पांच पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल……
चुनावी तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल भी किया गया है। जारी आदेश के तहत उपनिरीक्षक संजय पूनिया को खानपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद से हटाकर प्रभारी सीआइयू रुड़की की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को कोतवाली लक्सर से स्थानांतरित कर खानपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन को चौकी प्रभारी अमानतगढ़ से कोतवाली रुड़की भेजा गया है, जबकि उपनिरीक्षक सुनील रमोला को थाना बुग्गावाला से स्थानांतरित कर चौकी प्रभारी अमानतगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़ को कोतवाली श्यामपुर से चौकी प्रभारी चिड़ियापुर नियुक्त किया गया है।



