अपराधदेहरादून

“पटेलनगर में SSP प्रमेन्द्र डोबाल का सख्त एक्शन, सहारनपुर से स्मैक लाकर दून में खपाने निकला तस्कर गिरफ्तार; हुड़दंगी पर भी शिकंजा, 33 मकान मालिकों पर 3.30 लाख का जुर्माना.!

इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस की तीन मोर्चों पर कार्रवाई, दो लाख से अधिक की स्मैक और 20 हजार रुपये बरामद; सत्यापन अभियान में 450 किरायेदारों-बाहरी व्यक्तियों की जांच, पांच संदिग्धों से पूछताछ..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; राजधानी में अपराध और अव्यवस्थाओं पर लगाम कसने के लिए दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में एक साथ तीन मोर्चों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने सहारनपुर से स्मैक लाकर स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में घूम रहे एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया, सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया और सत्यापन अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले 33 भवन स्वामियों पर 3 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया। अभियान के दौरान पांच संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने भी लाया गया।एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई……
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने, सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही हुड़दंगियों पर शिकंजा कसा और बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के सत्यापन की मुहिम तेज की।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में अभियान, तीन मोर्चों पर पुलिस की कार्रवाई……
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान सहारनपुर निवासी 28 वर्षीय मुरसलीन पुत्र अब्बास को 7.77 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 20 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई है।पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी करने लगा था। वह स्मैक सहारनपुर से लेकर आया था और उसे स्थानीय स्तर पर नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी मात्रा में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।बाजार में पारिवारिक विवाद ने लिया हुड़दंग का रूप, एक युवक गिरफ्तार……
पटेलनगर बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और सार्वजनिक स्थान पर हंगामे की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद को लेकर एक युवक दूसरे पक्ष के साथ झगड़ा कर रहा था। उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह शांत होने के बजाय और उग्र हो गया और मारपीट पर उतारू हो गया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने नीरज कुमार (25) पुत्र नरेश कुमार, निवासी कालिका विहार फेस-2, देहरादून को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया।सत्यापन अभियान में 450 लोगों की जांच, पांच संदिग्ध थाने पहुंचे….
उधर, पटेलनगर कोतवाली की अलग-अलग पुलिस टीमों ने चमनपुरी, राजीव जुयाल मार्ग, ब्रह्मपुरी और मेहूंवाला समेत विभिन्न इलाकों में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान 450 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के साथ पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, मामलों में प्रकाश में आए व जमानत पर चल रहे तीन अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने उन्हें दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 33 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं, अलग-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे पांच व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!