“विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हरिद्वार में सेवा और समर्पण की मिसाल — रक्तदान व स्वास्थ्य जांच शिविर में उमड़ा जनसैलाब..
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के तत्वावधान में स्वराज फाउण्डेशन के सहयोग से भव्य आयोजन, सैकड़ों लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ..

लपंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा स्वराज फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर ने सामाजिक सरोकार और जनसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर न सिर्फ स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया, बल्कि रक्तदान कर मानवता के इस पुनीत कार्य में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
माननीय न्यायाधीश/अध्यक्ष श्री नरेन्द्र दत्त के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्राधिकरण के स्टाफ, पैनल अधिवक्ता, एलएडीसी अधिवक्ता, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमेन्द्र सिंह एडवोकेट, सचिव विपिन द्विवेदी एडवोकेट सहित समस्त कार्यकारिणी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया। मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर तथा नेत्रदान आई केयर हॉस्पिटल हरिद्वार की टीम द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
इस अवसर पर सचिव सिमरनजीत कौर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही एक सशक्त और समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने सभी से नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। समापन अवसर पर स्वराज फाउण्डेशन के संयोजक अनिल पराशर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



