
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रानीपुर क्षेत्र में BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पिल्ला गैंग की तर्ज पर ‘BAAZ’ नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंग की दबंगई उस वक्त धराशायी हो गई,
जब पुलिस ने दो नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और तीन चाकू बरामद किए गए हैं। यह गैंग अवैध हथियारों के दम पर इलाके में अपना खौफ कायम करने की कोशिश कर रहा था।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित टीम ने दिखाई मुस्तैदी…..
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और चंद घंटों में ही उन्हें धर दबोचने में सफलता हासिल की।
इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में दबिश, मैदान से पकड़े आरोपी….
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित टीम ने धीरवाली जाने वाले मार्ग पर स्थित भागोवाली मैदान से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि गैंग इंस्टाग्राम पर ‘BAAZ’ नाम से सक्रिय है
और लोगों को हथियारों के बल पर डराकर वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश करता था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने वंशु और उसके साथी पर हमला कर फायरिंग की, जिसमें वंशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में चली गोलियां….
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पूर्व में दर्ज मुकदमों में वंशु के गवाह होने के चलते आरोपी उससे रंजिश रखते थे। इसी खुन्नस में उन्होंने रास्ता रोककर पहले विवाद किया और फिर तमंचों से फायरिंग कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आगे की कार्रवाई जारी….
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस टीम में शामिल…
1:- मनोहर सिंह भण्डारी, प्रभारी निरीक्षक
2:- उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाडी
3:- हेडकांस्टेबल विमल नेगी
4:- हेडकांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी
5:- कांस्टेबल विवेक गुसांई
6:- कांस्टेबल सुमन डोभाल
7:- कांस्टेबल राजपाल सिंह



