
पंच👊नामा-ब्यूरो
कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 52 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख 30 हजार रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई को पौड़ी पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में देर रात संयुक्त पुलिस टीम ने मालन नदी पुल के पश्चिमी छोर पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद हुई।
क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अभियुक्त शहनवाज उर्फ शानू पुत्र महबूब निवासी स्टेडियम कॉलोनी, लकड़ी पड़ाव कोतवाली कोटद्वार के कब्जे से 883 ग्राम (पन्नी सहित) एवं 876 ग्राम (पन्नी रहित) चरस बरामद की गई।
वहीं दूसरे अभियुक्त मोहम्मद फईम पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद राशिद निवासी मुगलशाह, नजीबाबाद हाल निवासी लकड़ी पड़ाव कोटद्वार के कब्जे से 182 ग्राम (पन्नी सहित) एवं 176 ग्राम (पन्नी रहित) चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रात करीब 11:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और वे स्वयं भी चरस के आदी हैं। आरोपी फल और मछली बेचने का काम करते हैं, लेकिन अधिक मुनाफा कमाने के लालच में चरस तस्करी करने लगे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों के तार किसी बड़े नशा तस्कर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर की अहम भूमिका रही, जिनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए तस्करों को दबोचने में सफलता हासिल की।
इस संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेंद्र सिंह राणा प्रभारी एएनटीएफ, उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल चौकी प्रभारी कलालघाटी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी, सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर, कांस्टेबल रविंद्र भट्ट, एएसआई एहसान अली, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार, कांस्टेबल गंभीर सिंह एवं कांस्टेबल हरीश शामिल रहे।



